- वर्ष 2023 के प्रकरण निपटारे के लिए कैंप लगाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। यूपी बोर्ड परीक्षा की अंकतालिकाओं में गलतियां ठीक करने के लिए आवेदकों के वांछित प्रमाण पत्र नहीं मिले। जिस कारण शिविर में गलती संशोधन के पुराने मामले नहीं निपट सके। हाईस्कूल व इंटर की वर्ष 2023 की मार्कशीटों में गलतियों के संशोधन को इसी तरह जिलों पर कैंप लगाने की मांग की जा रही है ।
यूपी बोर्ड की ओर से वर्ष 2016-17 से लेकर वर्ष 2021-22 तक की मार्कशीटों व सह प्रमाण पत्र में नाम, जन्म तिथि आदि गलतियां ठीक करने के लिए जिलों पर कैंप लगे। जीआईसी बिजनौर में भी 16 जून व 17 जून को ग़लती संशोधन के लिए दो दिवस कैंप लगा। डीआईओएस कार्यालय के अनुसार 06 साल के 800 से अधिक मामले थे।
बताया जाता है कि अनेक आवेदकों के गलती सुधारने के लिए वांछित अभिलेख नहीं मिले। जिससे काफी मामले लंबित रह गए हैं। अभिलेख संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य के पास को जमा करने थे। कैंप में अभिलेखों के साथ प्रधानाचार्य को ही बुलाया गया था।
कैंप लगाने की मांग
आरोप है कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा की मार्कशीट में काफी संख्या में गलतियां प्रकाश में आई हैं। बोर्ड ने गलती सुधार के लिए आनलाइन आवेदन मांगे। कैंप में पहले दिन कुछ विद्यार्थी आवेदन की अंतिम तिथि के बाद भी संशोधन के नए मामले लेकर आए। हल्दौर ब्लॉक के पोटा निवासी बलराम सिंह, खेड़ा निवासी अर्जुन सिंह, नूरपुर ब्लाॅक के भूपेंद्र का कहना है कि वर्ष 2023 परीक्षा के मामले भी जिले पर कैंप लगाकर निपटाए जाएं।