- पुलिस ने हत्यारोपी चाचा को किया गिरफ्तार, चांदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पहुली का मामला
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बिजनौर/चांदपुर। रिश्ते के चाचा ने शराब के नशे में भतीजे पर चाकू से वार कर दिए। जानलेवा हमले में घायल हुए युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने हत्यारोपी चाचा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शनिवार की थाना चांदपुर क्षेत्र के गांव पाहुली निवासी बीना देवी के साथ नशे में धुत दीपचंद पुत्र बुद्ध सिंह ने गाली-गलौज शुरू कर दी। गाली-गलौज सुनकर बीना देवी का बेटा निखिल 18 वर्षीय भी मौके पर पहुंच गया। उसने दीपचंद के गाली देने का विरोध किया। इससे गुस्साया दीपचंद अपने घर पहुंचा और धारदार हथियार लेकर मौके पर आ गया। उसने धारदार हथियार से निखिल के पेट में ताबड़तोड़ वार कर दिए। जिससे निखिल लहूलुहान होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद निखिल की मां के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर आ गए, जिन्हें आता देख आरोपी मौके से भाग निकला। घटना के तुरंत बाद दीपचंद का भाई तेजपाल भी मौके पर पहुंच गया और उसने भी निखिल की मां के साथ गाली-गलौज करते हुए धमकी देनी शुरू कर दी।
ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर तेजपाल भी मौके से भाग गया। गंभीर रूप से घायल निखिल को परिजन बिजनौर के एक निजी चिकित्सालय में ले गए। रात में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई मुनीदेव की तहरीर पर पुलिस ने दीपचंद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने हत्यारोपी दीपचंद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका भाई अभी फरार है, उसकी तलाश की जा रही है।