अमर उजाला अभियान : स्कूलों में बूथ बढ़ने से बढ़ेगी टीकाकरण की रफ्तार
बिजनौर। जिले में अब 12 से 14 उम्र तक के किशोरों का वैक्सीनेशन तेजी पकड़ रहा है। सीएचसी और पीएचसी के साथ-साथ आज से स्कूलों में भी वैक्सीनेशन शुरू हो जाएगा। इससे टीकाकरण की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों द्वारा कहा जा रहा है जिले में 73160 कॉर्बेवैक्स वैक्सीन उपलब्ध हैं।
जिले में अब 12 से 14 उम्र तक के किशोरों के वैक्सीनेशन में तेजी देखकर लग रहा है कि लोग जागरूक हो रहे हैं। बीते दो दिनों से जिले में 11,147 किशोरों ने वैक्सीन लगवाई है। इसके साथ ही जिलेभर में 120 बूथों पर वैक्सीनेशन किया जा रहा है। वहीं, अब तक 12,291 किशोरों ने कोरोनारोधी टीका लगवा लिया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार वैक्सीनेशन बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। किशोरों को लगने वाली कॉर्बेवैक्स वैक्सीन की जिले में 73160 डोज उपलब्ध हैं। वहीं, जिन क्षेत्रों में अभी 12 से 14 उम्र तक के किशारों का वैक्सीनेशन शुरू नहीं हुआ है, वह जिला अस्पताल में वैक्सीन लगवाने आ रहे हैं। जिससे पता चलता है कि लोग कोरोनारोधी टीके को लेकर कितना जागरूक हैं।
सभी के लिए कोरोनारोधी टीका जरूरी : आदित्य
आदित्य भारद्वाज ने बताया कि वह मॉडर्न ऐरा स्कूल में कक्षा 9 का छात्र है। वैक्सीन लगवाने को लेकर मन में कोई भय नहीं है। सभी को वैक्सीन लगवानी चाहिए। परिवार में सभी ने वैक्सीन लगवा ली है।
परीक्षा के बाद लगवाई वैक्सीन : आकृति
आकृति राजपूत ने बताया कि वह मॉडर्न ऐरा स्कूल में 7वीं कक्षा में पढ़ती है। परिवार में सभी ने वैक्सीन लगवा ली है। वैक्सीन को लेकर नहीं सुई से डर लग रहा है। परीक्षा समाप्त होने के बाद अब वैक्सीन लगवाई है।
वैक्सीन से किसी तरह का भय नहीं : अश्मित
अभिभावक अश्मित भारद्वाज ने कहा कि वैक्सीन को लेकर किसी तरह का भय नहीं है। मंडावर से जिला अस्पताल में अपने छोटे भाई को वैक्सीन लगवाने लाया हूं। वैक्सीन को लेकर सभी जागरूक हैं।
वैक्सीन को लेकर जागरूक : विनती
अभिभावक विनती राजपूत ने कहा कि वैक्सीन को लेकर सभी जागरूक हैं। क्योंकि वैक्सीन के द्वारा ही कोरोना से बचाव किया जा सकता है। परिवार के सभी सदस्यों ने वैक्सीन लगवा ली है।
जिले में पर्याप्त वैक्सीन की डोज : डॉ. अशोक कुमार
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि जिले में किशोरों को लगने वाली कॉर्बेवैक्स वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में डोज हैं। इस समय वैक्सीन की 73160 डोज उपलब्ध हैं। किशोर वैक्सीनेशन सेंटर पर ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर कोरोनारोधी टीका लगवाएं। कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन जरूरी है।
आज से स्कूलों में होगा वैक्सीनेशन : सीएमओ
सीएमओ डॉ. विजय कुमार गोयल ने कहा कि जिलेभर के कुछ स्कूलों में आज से 12 से 14 उम्र तक के किशोरों का टीकाकण शुरू हो जाएगा। जिससे किशोरों के वैक्सीनेशन में भी तेजी आएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा वैक्सीनेशन तेज करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।