एक मुश्त दिया जाए सम्मान निधि का पैसा
बिजनौर। बिजनौर लोकसभा सांसद मलूक नागर ने वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिख कर किसानों को मिलने वाली पीएम किसान सम्मान निधि के छह हजार रुपये एक मुश्त दिलवाने, गन्ने का बकाया भुगतान जल्द कराने तथा किसान की फसल की खरीद व्यवस्था गांव स्तर पर ही कराने की मांग की है।
शुक्रवार को वित्तमंत्री को लिखे पत्र में सांसद मलूक नागर ने कहा कि तेलंगाना सरकार किसानों को प्रति एकड़ सालाना दस हजार रुपये तथा आंध्र प्रदेश सरकार 12 हजार 500 रुपये प्रति एकड़ दे रही हैं। उत्तर प्रदेश सरकार से भी इसी तर्ज पर किसानों को आर्थिक सहायता दिलाई जाए। उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि के रूप में मिलने वाली छह हजार रुपये की राशि किस्तों में न देकर एकमुश्त दिए जाने, किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान शीघ्र करने तथा लॉकडाउन के दौरान किसान की आलू, गेहूं, मटर, जौ आदि फसलों की गांव स्तर पर खरीद की व्यवस्था कराने की मांग की। इसके अलावा कोरोना महामारी के दौरान बचाव कार्यों में लगे सभी पुलिस कर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं सभी मीडिया कर्मियों को चिकित्सकों की तर्ज पर 25 लाख रुपये का बीमा सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।