बिजनौर कलक्ट्रेट में संचारी रोग नियंत्रण संबंधी बैठक को लेते डीएम रमाकांत पांडेय।
- फोटो : BIJNOR
संचारी रोग नियंत्रण अभियान में सहयोग करें सभी अधिकारी : डीएम
बिजनौर। डीएम रमाकांत पांडेय ने एक से 31 मार्च तक संचालित होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत डेंगू रोग/संचारी एवं वेक्टर जनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अंतर्विभागीय कार्ययोजना संबंधी बैठक लेकर अफसरों को निर्देशित किया।
कलक्ट्रेट सभागार में अफसरों की बैठक के दौरान डीएम ने कहा कि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एक से 31 मार्च तक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों पर नियंत्रण करने के लिए स्वास्थ्य, विकास, शिक्षा, पंचायत राज, पशु धन, महिला एवं बाल विकास, नगर निकाय सहित अन्य संबंधित विभागों को शामिल किया गया है। उन्होंने इन विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 26 फरवरी तक सभी अधिकारी अपने विभाग की प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में उलब्ध कराएं।
डीएम ने निर्देश दिए कि सीएमओ संकलित अंतर्विभागीय कार्य योजना यूूनिसेफ तथा डब्लूएचओ/एनपीएसपी को 27 फरवरी को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। साथ ही ग्राम स्वास्थ्य तथा पोषण दिवसों में संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए व्यापक प्रचार प्रसार तथा जन जागरूकता के लिए कार्यक्रमों का आयोजन कराएं। डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई तथा जल निकासी का विशेष ध्यान रखें और नगरीय क्षेत्रों में समस्त अधिशासी अधिकारी कचरा निस्तारण तथा नालियों की सफाई के साथ-साथ पेयजल की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान रखें। डीएम ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों सभी विद्यालयों में स्वास्थ्य शिक्षा के लिए नोडल अध्यापक नामित करने और प्रतिदिन प्रार्थना सभा में बच्चों को विशेष रूप से मलेरिया, डेंगू, चिकन गुनिया तथा अन्य संचारी रोगों से बचाव के संबंध में जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एएनएम एवं आशाओं को अपने स्तर से निर्देशित करें कि वे अपने कार्य क्षेत्र में घर-घर जाकर जन सामान्य को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। इस अवसर पर सीडीओ कामता प्रसाद सिंह, सीएमओ विजय कुमार यादव सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारियों संहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।