पुलिस ने इस मामले में कारोबारी की पत्नी अलका के दोस्त पुष्पेंद्र चौधरी निवासी आदर्शनगर बिजनौर को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उसके पास से कारोबारी के घर से चोरी हुए आभूषण और स्कूटी समेत अन्य सामान बरामद कर लिया था।
पुलिस की विवेचना में साफ हुआ कि कारोबारी के धामपुर चले जाने के बाद उनकी पत्नी अलका ने ही फोन करके अपने दोस्त पुष्पेंद्र को घर बुलाया था। उसने ही अपने दोस्त के हवाले घर में रखे आभूषण, नकदी, स्कूटी और एलईडी कर दिए थे।
जांच में सामने आया कि आरोपी पुष्पेंद्र बुधवार को ही बिजनौर में स्थित एक फाइनेंस कंपनी में पहुंचा और चोरी कर लाए गए आभूषण गिरवी रखते हुए करीब डेढ़ लाख का गोल्ड लोन ले लिया।
दिन में ही रायपुर पहुंच गया था आरोपी
सीओ संग्राम सिंह ने बताया कि अलका ने अपने प्रेमी को दिन में ही बुला लिया था। हालांकि, उसके फोन कॉल की इंतजार में वह रायपुर के बाजार में दोपहर से शाम तक घूमता रहा। उसका इधर-उधर टहलना बाजार में लगे कई सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है।
बिजनौर से खरीदा कटर, रायपुर सादात में सिगरेट
आरोपी पुष्पेंद्र चौधरी ने बिजनौर से 1750 रुपये में एक कटर भी खरीदा था, जो सीसीटीवी कैमरे में हाथ में थैला लिए नजर आ रहा हैं। अलमारी के ताले काटने के लिए उक्त कटर इस्तेमाल किया गया। सीओ ने बताया कि सिगरेट की डिब्बी भी उसने रायपुर में ही एक दुकान से खरीदी थी।
एक साल पहले भी दिया था छह तोला सोना
पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि कारोबारी को अपनी पत्नी पर पहले से ही शक था। शादी के बाद से ही उसे इस बात की भनक लग गई थी कि वह किसी लड़के से फोन पर बात करती हैं। हालांकि, इस बात को लेकर पति-पत्नी में कई बार विवाद भी हुआ, लेकिन मामला शांत हो गया। जांच में यह बात भी सामने आई है कि महिला ने अपने प्रेमी को करीब एक वर्ष पूर्व भी घर बुलाकर छह तोले सोना उठाकर दे दिया था।
यह भी पढ़ें: Blast In Factory: सहारनपुर में दवा फैक्टरी में गैस पाइप फटा, चार महिला समेत पांच झुलसे, तीन की हालत गंभीर