अफजलगढ़ के गांव आलमपुर गावड़ी में खस्ताहाल मार्ग में भरा पानी।
- फोटो : BIJNOR
अफजलगढ़। गांव आलमपुर गांवड़ी में शिव मंदिर से चामुंडा मंदिर तक जाने वाले मार्ग की हालत खस्ता व बदहाल होने से गांव वालों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने एसडीएम से शीघ्र समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
रविदत्त शर्मा, चंद्र भूषण, विजयपाल सिंह, जसवंत सिंह, राजपाल सिंह, अखिलेश, राजीव आदि ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्थित शिव मंदिर से चामुंडा मंदिर तक जाने वाला मार्ग बदहाल है। मार्ग के दोनों ओर नालियां न होने से पानी की निकासी नहीं है। घरों की निकासी का पानी सड़क पर भरने से कीचड़ हो गया है। आने-जाने में भारी दिक्कत झेलने पड़ रही है। गांव वालों का कहना है कि ग्राम प्रधान का कार्यकाल समाप्त हो गया लेकिन मांग के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। गांव वालों ने बताया कि उन्होंने नाली व मार्ग निर्माण के लिए बीडीओ से भी अनेक बार कह चुके हैं लेकिन कोई समाधान न होने से गांव वालों में रोष है। उन्होंने एसडीएम से नाली व मार्ग निर्माण कराने की मांग की है। एडीओ अजमल खान का कहना है कि उन्होंने मार्ग का निरीक्षण किया है। शीघ्र ही गांव वालों की समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।