कुष्ठ निवारण के लिए शपथ दिलाकर जगाई अलख
बिजनौर। विश्व कुष्ठ उन्मूलन दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मलिन बस्तियों में कुष्ठ जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान लोगों को कुष्ठ रोग को पूरी तरह नष्ट करने के लिए शपथ दिलाई गई। जिले में 13 फरवरी तक जागरूकता पखवाड़ा चलाया जाएगा।
बृहस्पतिवार को कांशीराम कॉलोनी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला कुष्ठ निवारण अधिकारी शैलेश जैन ने कहा कि कुष्ठ रोग अभिशाप नहीं है। नियमित एमडीटी दवा के सेवन से इस रोग से निजात मिल सकती है। शरीर के किसी भी हिस्से में लाल अथवा पीले रंग के चकत्ते पड़ना इस रोग की मुख्य पहचान है। यदि किसी भी व्यक्ति को इस बीमारी के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत अपने नजदीकी सरकारी अस्पताल में जाकर इसकी जांच कराएं। नोडल अधिकारी शैलेश जैन के नेतृत्व में कुष्ठ विभाग की टीम ने कांशीराम कॉलोनी में जाकर लोगों को जागरूक किया। इसके बाद टीम झंडापुर गांव में पहुंची, जहां ग्रामीणों को इसकी घोषणा पढ़वाई गई। उन्होंने बताया कि जिले में 13 फरवरी तक पखवाड़ा चलेगा। हर साल 30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्य तिथि को विश्व कुष्ठ उन्मूलन दिवस के रूप में मनाया जाता है।
इस अवसर पर लिपिक देवेंद्र सिंह, सौरभ अग्रवाल, अमित खेड़ा, उमानाथ यादव आदि मौजूद रहे।