नजीबाबाद। विश्व एड्स दिवस पर जागरुकता संगोष्ठी में रोगियों को एड्स के खतरों से जागरुक किया गया।
राजकीय अरबन चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ.एमपी कर्णवाल ने विश्व एड्स दिवस पर रोगियों को एड्स के लक्षण, कारण और उससे होने वाले खतरों से अवगत कराया। कान्हा कर्णवाल हॉस्पिटल में आयोजित एड्स रोग जागरुकता संगोष्ठी में डॉ. कर्णवाल ने एड्स के लक्षणों से लोगों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि एक महीने से ज्यादा बुखार आना, दस्त आना, पैरों में दर्द होना, गर्दन और बगल में गांठें निकलना एड्स के लक्षण हैं। उन्होंने तत्काल योग्य चिकित्सक की सलाह पर एचआईवी की जांच कराने की सलाह दी।
डॉ. कर्णवाल ने कहा कि एड्स का ज्ञान और जागरुकता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने असुरक्षित यौन संबंध, गंदी सिरिंज, दूषित रक्त के प्रयोग से बचने की सलाह दी। संगोष्ठी में डॉ. पूनम कर्णवाल, प्रियंका, सुकन्या, मीरा, नाजिया, अशोक, दीपक, शबनम सहित अनेक रोगी उपस्थित रहे।