नूरपुर में शनिवार सुबह मुरादाबाद मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में आकर साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। परिजनों के कार्रवाई से इंकार करने पर पुलिस ने पंचनाम भरकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
गांव पीपला जागीर निवासी कालू शाह (65) शनिवार की सुबह छह बजे साइकिल द्वारा हंसुपुरा जा रहा था। मुरादाबाद मार्ग पर डायमंड कॉलोनी के सामने किसी भारी वाहन की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस व परिजन पहुंच मौके पर पहुंच गए। परिजनों द्वारा किसी कानूनी कार्रवाई करने से इंकार करने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया।
मृतक कालू शाह की पुत्री की 29 अप्रैल को बारात आनी थी। शादी से पहले पिता की मौत होने से उसकी पुत्री व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
उधर, नगीना में गांव तुख्मापुर निवासी यूसुफ ने बताया कि वह बाइक से गैस एजेंसी से सिलेंडर लेकर गांव जा रहा था। बाइक उसका बेटा तालिब चला रहा था। धामपुर चौराहे पर बाइक और ट्रक में टक्कर हो गई।
हादसे में यूसुफ गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि बेटा बच गया। यूसुफ को बिजनौर रेफर कर दिया। अन्य घटना में गांव भौजावाला निवासी भगीरथ नगीना से अपने गांव जा रहा था। जब वह नगीना-बूढ़ावाला मार्ग स्थित लेबड़ा नदी के पास पहुंचा तो गांव भवानीपुर निवासी बिजेंद्र की बाइक से टक्कर हो गई। बिजेंद्र घायल हो गया। उसे बिजनौर भेजा गया जबकि भगीरथ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।