चांदपुर में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के विरोध में जाम लगाते परिजन व ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर के चांदपुर में कार की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक की मौत पर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। परिजनों ने चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली का घेराव किया। परिजनों ने हाईवे जाम कर अपनी नाराजगी का इजहार।
चांदपुर के मोहल्ला शाहचंदन वाल्मीकि निवासी रोहन (18) व हरीश (38) दोनों बाइक से बुधवार की शाम एटीएम से रुपये निकालने जा रहे थे। चांदपुर में नुमाइश ग्राउंड के निकट उनकी बाइक कार की चपेट में आ गई। इससे दोनों बाइक सवार घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने रोहन की हालत गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया। रोहन को मेरठ ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। रोहन की मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद चालक मौके पर कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बृहस्पतिवार की सुबह मृतक के परिजनों ने थाने जाकर पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों ने दोपहर शव चांदपुर पहुंचने पर कोतवाली में शव रखकर हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों ने चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब चार बजे बिजनौर-बदायूं हाइवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों का कहना है कि जब गाड़ी पुलिस के कब्जे में है तो पहचान कर चालक की गिरफ्तारी क्यों नहीं की जा रही। पुलिस ने करीब आधा घंटे के बाद परिजनों को चालक की गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।