संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। संभल में जामा मस्जिद का सर्वे किए जाने के विरोध में बवाल हो गया। वहां भड़की हिंसा के बीच बिजनौर में भी पुलिस अलर्ट रही। पुलिस अफसरों ने आनन फानन गश्त बढ़ा दी। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वालो इलाकों में पुलिस की निगरानी जा रही है। वहीं, अफवाहों से बचने के लिए सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है।
रविवार को संभल में अचानक बवाल हुआ तो आस पास के जिलों से पुलिस फोर्स मांगी गई। ऐसे में एएसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल और पांच थाना प्रभारी संभल के लिए रवाना हो गए। इसके साथ ही जिले में भी सतर्कता बढ़ा दी गई।
एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी और एएसपी देहात राम अर्ज ने अपने अपने सर्किल में वायरलेस से संदेश जारी करते हुए सतर्क रहने के निर्देश दिए। जिस पर भीड़ भाड़ वाली जगहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस फोर्स की तैनात की गई। इसके साथ ही पुलिस अफसर फोर्स के साथ लगातार भ्रमण करते रहे।
एहतियात के क्रम में ही धर्मगुरुओं से भी संपर्क साधा जाने लगा। बिजनौर शहर में मिश्रित आबादी वाली जगहों पर पुलिस गश्त करती नजर आई। सीओ सिटी संग्राम सिंह और शहर कोतवाल भी इलाकों में गश्त करत रहे।
उधर, धामपुर में भी पुलिस प्रशासन सर्तक रहा। पुलिस क्षेत्राधिकारी सर्वम सिंह ने सर्किल के तीनों थानों नहटौर, धामपुर और स्योहारा के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे पेट्रोलिंग में तेजी लाएं।
वहीं, नूरपुर में भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धार्मिक स्थलों, गली मोहल्लों में पैदल मार्च किया। धर्म गुरुओं से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।