फोन पर बात करने के बाद मजदूर ने गुरुद्वारे में लगाई फांसी
बेगावाला/बिजनौर। फोन पर बात करने के बाद मजदूर ने बुधवार रात को बिजली के केबिल का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया। मजदूर के साथी ने पुलिस में तहरीर दी है।
पुलिस के अनुसार बहराइच जिले के गांव दिया निवासी पूरन सिंह (27) पुत्र भगई सिंह व इसके साथी पिछले काफी समय से गुरुद्वारा व मंदिर बनाने का काम कर रहे थे। बुधवार की रात पूरन ने अपने गले में बिजली के केबिल का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पूरन काफी समय से गुरुद्वारे में काम कर रहा था। उसका गजरौला शिव के एक गुरुद्वारे में भी काम चल रहा था। 15 दिन पहले वह घर गया था, जहां से हाल ही मैं लौटा था। पहले वह गजरौला गया। वहां से वह शाम को अपने साथियों के पास ब्रह्मपुरी में आया था। मृतक कानों में ईयर फोन लगाकर किसी महिला से बात करने लगा। अन्य सभी साथी सो गए।
बृहस्पतिवार सुबह जब चाय बनाने के लिए एक लड़का अमन गुरुद्वारे में गया तो पूरन वहां नहीं मिला। जब वह उसे तलाश करता हुआ छत पर गया। उसे पूरन का शव निर्माणाधीन पिलर से लटका मिला। जिसकी सूचना उसने कमेटी को दी। कमेटी ने तुरंत फोन द्वारा सूचना मंडावर थाने में दी। पुलिस ने शव को उतरवाकर उसका पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। गुरुद्वारा कमेटी के सदस्य हीरा सिंह ने बताया कि गुरुद्वारे में पांच मजदूर काम करते थे। ये लोग केवल गुरुद्वारा और मंदिर ही बनाते हैं। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।