चांदपुर (बिजनौर)। बागपत के गांव रठौड़ा का रहने वाला अमित आर्य बिजनौर आने के बाद से लापता है। जिसकी तलाश में मेरठ पुलिस के बाद अब चांदपुर की पुलिस भी जुट गई है। लापता युवक के 24 दिन बाद भी पता नहीं चलने से परिजनों को अनहोनी की आशंका सता रही है। उधर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रही है, जिसमें कुछ लोग अमित आर्य को निर्वस्त्र कर पीट रहे हैं।
गांव रठौड़ा निवासी अमित (38) पुत्र वीर सैन 11 जुलाई 25 को कंपनी से आधे दिन का अवकाश लेकर चांदपुर की एक युवती से मिलने आया। उसे उसके साथी ने भैंसाली डिपो पर छोड़ा था। तभी से वह लापता है। भाई अनुराग आर्य ने 13 जुलाई को अमित के लापता होने की गुमशुदगी थाना सदर बाजार मेरठ में दर्ज कराई थी। एएसपी देहात विनय कुमार सिंह के अनुसार 26 जुलाई को मेरठ की सदर बाजार पुलिस ने थाना चांदपुर के दो युवक व एक युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की। हालांकि पूछताछ में कुछ साफ नहीं हुआ। घटनास्थल चांदपुर थाना के अकौंधा दर्शाते हुए थाना सदर बाजार पर जीरो एफआईआर दर्ज की गई। अब विवेचना के लिए चांदपुर को भेज दिया गया। एएसपी देहात के अनुसार आरोपियों की तलाश शुरू की है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लापता युवक का पता किया जाएगा। इसके लिए दो टीम गठित की गई हैं।