युवक की हत्या कर शव पेड़ पर लटकाया
शेरकोट (बिजनौर)। रविवार से लापता क्षेत्र के ग्राम पालकी एमन निवासी सोनू (25 ) की हत्या कर शव पेड़ पर लटका दिया। मृतक के दोनों हाथों को रस्सी से बंधे हुए थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दो साल पहले सोनू की शादी हुई थी, उसके एक बेटी है। वह मजदूरी करता था और रविवार को काम करने के लिए घर से निकला था और घर नहीं पहुंचा। परिजनों और ग्रामीणों ने पहले उसकी तलाश की, पता नहीं चलने पर रविवार रात को ही पुलिस को भी सूचना दी। सोमवार को दोपहर उसका शव गांव के जंगल में एक नीम के पेड़ से लटका मिला है। मृतक के भाई मुकेश कुमार सैनी ने बताया कि उसके दोनों हाथ आगे की तरफ रस्सी से बंधे थे। परिजनों का कहना है कि सोनू की किसी से रंजिश भी नहीं थी, वह बहुत ही मिलनसार था। एसपी पूर्वी ओमवीर सिंह ने बताया कि जिस अवस्था में शव मिला है, उससे लगता है कि किसी ने उसकी हत्या कर शव पेड़ पर लटकाया है। अभी तहरीर नहीं मिली है, परिजनों से जानकारी की जा रही है, उन्हें किसी पर संदेह तो नहीं।