छठे दिन भी न्यायिक कार्यों से विरत रहे वकील
बिजनौर। जजी परिसर में प्रवेश के लिए मंडावर रोड की तरफ खुलने वाला गेट बंद होने से नाराज वकील छठे दिन भी न्यायिक कार्यों से विरत रहे। साल की शुरुआत से अब तक एक दिन भी सुचारु रूप से न्यायिक कार्य नहीं हो पाया है।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एस के बबली की अध्यक्षता एवं महासचिव नवदीप कुमार सिंह के संचालन में हुई बैठक में कहा गया कि उनके संज्ञान में आया है कि जो रिपोर्ट जिला प्रशासन द्वारा हाईकोर्ट को भेजी गई है, उस रिपोर्ट में जजी परिसर के मंडावर रोड की ओर स्थित प्राचीन गेट को गेट संख्या एक की जगह तीन बताया गया है। जिला बार एसोसिएशन से इस गेट को बंद किए जाने के संबंध में कोई विचार विमर्श नहीं किया गया। सुरक्षा के नाम पर जिला प्रशासन ने हाईकोर्ट को गलत रिपोर्ट भेजकर भ्रमित किया है। जिससे यह समस्या खड़ी हुई है। मंडावर रोड गेट को खोलने के लिए कई बार जिला जज से भी अनुरोध किया जा चुका है। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बैठक में इस गेट को प्रवेश के लिए शीघ्र खुलवाने की मांग की गई।