बिजनौर में पत्रकार एकादश और प्रशासन एकादश के बीच नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार को फ्रेंडली मैच खेला गया। मैच का उद्घाटन प्रशासन एकादश के कप्तान व डीएम विनोद पंवार तथा एसपी सुभाष सिंह बघेल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
पत्रकार एकादश के कप्तान कमल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। प्रशासन एकादश की ओर से डीएम व एसपी ने ओपनिंग की। डीएम ने एक तथा एसपी ने सात रन बनाए। आउट होने के बाद भी डीएम मैदान पर बल्ला लेकर आ गए और एसपी के लिए रनिंग की। प्रशासन एकादश ने पांच विकेट पर 156 रन बनाए। एसडीएम अजय तिवारी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 67, राहुल ने 23 रन बनाए। पत्रकार एकादश की ओर से कमल व प्रवीण ने एक-एक विकेट लिए। मुनव्वर सोनू, नीरज, फईम, नसीम मलिक, सचिन खुराना ने शानदार फिल्डिंग की। लक्ष्य का पीछा करते हुए पत्रकार एकादश सात विकेट पर 134 रन ही बना सकी। प्रवीण ने 34, मनोज राठी ने 27, जुबैर ने 21, रूपेश कुमार ने 12 तथा कप्तान कमल ने दस रन बनाए। राहुल व नितिन ने दो-दो विकेट लिए।
एसडीएम को मैन ऑफ द मैच तथा राहुल को बेस्ट ऑल राउंडर चुना गया। प्रशासन एकादश की ओर से शानदार विकेट कीपिंग करने वाले एसआई जयभगवान सिंह की सभी ने प्रशंसा की। मैच के आयोजन में डीएसएम ग्रुप धामपुर के अधिशासी अध्यक्ष संदीप शर्मा का विशेष योगदान रहा। एडीएम प्रशासन रामूर्ति मिश्रा, ज्योतिलाल शर्मा, नरेंद्र मारवाड़ी ने विजेता व उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। मैच में अंपायरिंग नागेंद्र सारस्वत, चितवन शर्मा, कमेंट्री डीएम, गयासुर्रहमान व ब्रजवीर चौधरी तथा स्कोरिंग परमवीर ने की।
सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी, एसपी देहात डा.धर्मवीर सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव, वसीम अख्तर, सीओ सिटी रामानंद कुशवाहा, राजेंद्र सिंह, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट विनोद कुमार, डीपीआरओ मनीष कुमार, अरुण कुमार, विजय गुप्ता मौजूद रहे।