स्योहारा में अतिक्रमण हटाती जेसीबी।
- फोटो : BIJNOR
मिल चौराहे पर चला प्रशासन का बुलडोजर
स्योहारा। मुरादाबाद मार्ग, मिल चौराहा पर अवैध निर्माण कर किए गए अतिक्रमण को बुलडोजर द्वारा तोड़कर गिराया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। कुछ दुकानदारों ने अपने आप अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।
मंगलवार दोपहर को मिल चौराहे पर उस समय हलचल मच गई जब प्रशासन द्वारा चिह्नित किए गए अवैध निर्माण को गिराने के लिए प्रशासन का बुलडोजर पहुंच गया। नगर पालिका प्रशासन ने अधिशासी अधिकारी एपी पांडेय के निर्देशन में बुलडोजर से चौराहे की दुकान तोड़ कर गिरा दी। इससे पहले पालिका की ओर से सुबह ही व्यापारियों को दुकानों से सामान निकालने की लाउडस्पीकर से चेतावनी दी गई थी, लेकिन दुकानदारों ने चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया। दोपहर को जब बुलडोजर चला तो दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कुछ दुकानदारों ने विरोध करना चाहा, लेकिन भारी पुलिस बल के आगे बेबस हो गए। व्यापारी तस्लीम अहमद, जुनैद अजीम अहमद, विकास कुमार आदि का कहना है कि प्रशासन की ओर से दुकानों से सामान निकालने का समय नहीं दिया गया। जिससे दुकानदारों का काफी नुकसान हुआ है। व्यापारियों का आरोप है कि अतिक्रमण हटाने में नगर पालिका पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रही है। मार्ग के केवल एक ओर से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। आरोप है कि मात्र एक व्यक्ति के परिवार की दुकानों को तोड़ा गया है। पालिकाकर्मियों ने सोमवार का बाजार मार्ग से दुकानों के आगे लगे अतिक्रमण भी हटवाए। अधिशासी अधिकारी एपी पांडे का कहना है कि मार्ग के चौड़ीकरण के लिये अवैध निर्माण हटाए जा रहे हैं। जिसकी सूचना पहले ही लोगों को दी गई थी। उन्होंने अतिक्रमण हटाने में पक्षपात पूर्ण रवैया अपनाने को निराधार बताते हुए कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहेगा। इस दौरान थानाध्यक्ष आशीष कुमार तोमर, उपनिरीक्षक गंगाराम गंगवार, पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।