प्रशासन ने मूल्यांकन पूरा कराने के लिए झोंकी ताकत
बिजनौर। प्रशासन ने मूल्यांकन पूरा कराने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। जिन विद्यालयों में प्रयोगात्मक परीक्षा हो गई है, वहां के परीक्षकों को उत्तर पुस्तिका जांचने को बुला लिया गया है। बृहस्पतिवार तक साढ़े चार लाख से अधिक उत्तर पुस्तिका जांच ली गई हैं। छह मई को सभी उत्तर पुस्तिकाओं की जांच का अंतिम दिन है और ऐसे में एक दिन में 50 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करना चुनौती साबित होगा।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर परीक्षा की उत्तर पुस्तिका जांचने का काम 23 अप्रैल से चल रहा है। पहले दिन से ही मूल्यांकन केंद्रों पर परीक्षकों का संकट बना था। इंटर की प्रयोगात्मक परीक्षक होने से मूल्यांकन पर असर रहा। डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि शासन से मूल्यांकन छह मई तक पूरा करने के निर्देश हैं। बताया कि मूल्यांकन संबंधी प्रपत्र बोर्ड कार्यालय को आठ मई तक अंतिम रूप से जाने हैं। तीनों केंद्र पर पांच लाख दो हजार उत्तर पुस्तिका आवंटित हैं। करीब चार लाख 54 हजार उत्तर पुस्तिका जंच गई हैं। करीब 50 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होना है। प्रयोगात्मक परीक्षक भी मूल्यांकन के लिए आ गए हैं। मूल्यांकन समय से पूरा कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।