बकाया वसूली को लेकर सख्त हुआ प्रशासन
बिजनौर। प्रशासन बकाया वसूली को लेकर सख्त हो गया है। जिले में बकाया वसूली में पिछड़ी करीब एक दर्जन सहकारी समितियों के एमडी व संबंधित कोआपरेटिव बैंकों के मैनेजर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई होगी। विभाग समितियों व बैंकों को नोटिस भेजा जा रहा है। समितियों को 127 करोड़ से अधिक बकाया वसूलना है।
जिले में 96 सहकारी समितियां है। समिति किसानों को खाद, बीज तथा नकद कर्ज देती हैं। जिसका किसानों को वित्तीय वर्ष में भुगतान करना होता है। सहायक निबंधक अर्थात एआर सहकारिता अमित कुमार त्यागी के अनुसार इस साल का बकाया वसूली लक्ष्य 127.82 करोड़ है। लॉकडाउन के कारण वसूली प्रभावित हुई है। बताया कि समितियों ने 16 दिसंबर तक मात्र 10.12 करोड़ रुपया वसूला है। करीब एक दर्जन समितियों की बकाया वसूली बेहद खराब है। अब इन समितियों के प्रबंध निदेशक तथा संबंधित सहकारी बैंक के मैनेजर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई होगी। संबंधित तहसीलों के अपर जिला सहकारी अधिकारी अर्थात एडीसीओ व समिति के एडीओ के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति की जाएगी।
खराब प्रदर्शन करने वाली समिति
एआर अमित कुमार त्यागी के अनुसार जिले की कासमपुर गढ़ी, कादराबाद, स्योहारा, महमूदपुर, धामपुर, सहसपुर, झालू, कानपुर, फीना तथा गौहावर समितियों की बकाया वसूली बेहद खराब है। डीएम के निर्देश पर बकाया वसूली की नियमित समीक्षा हो रही है।