गंगा में शव बहाया तो होगी कार्रवाई
बिजनौर। गंगा में शव बहाने को लेकर बिजनौर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। पीएसी की बाढ़ टीम गंगा बैराज पर पहुंच गई है। टीम ने गंगा को खंगाला, लेकिन कोई शव नहीं मिला। जिला प्रशासन ने खासतौर से उन 22 गांवों में भी निगरानी बढ़ाई है, जो गंगा किनारे बसे हैं। इसके अलावा नमामि गंगे से जुड़ी टीम को भी इस पर नजर रखने के लिए कहा गया है।
कोरोना काल में कई जिलों में गंगा में लोग शव बहा रहे हैं। इसे लेकर शासन सख्त हो गया है। शासन ने निर्देश दिए हैं कि कोई भी शव गंगा में तैरता मिले तो उसका अंतिम संस्कार किया जाए। गंगा में शव बहाने वालों पर कार्रवाई होगी। शासन की सख्ती के बाद जिला प्रशासन इस मामले में अलर्ट हो गया है। शनिवार को पीएसी की एक कंपनी बाढ़ टीम बैराज पर पहुंची और गंगा को खंगाला, लेकिन कोई शव बहता नहीं मिला। एसपी सिटी प्रवीण रंजन सिंह भी गंगा बैराज पहुंचे और निरीक्षण किया। उनके मुताबिक गंगा में कोई शव बहता नहीं मिला है। अगर कोई शव बहता मिला तो उसका अंतिम संस्कार करा दिया जाएगा। डीएम रमाकांत पांडेय ने बताया कि वैसे बिजनौर गंगा में शव बहाने की परंपरा नहीं है और न ही अभी तक गंगा में शव बहाने का कोई मामला सामने आया है। गंगा किनारे बसे 22 गांवों में निगरानी बढ़ा दी गई है।