खाद्यान्न की कालाबाजारी या स्टॉक किया तो होगी कार्रवाई
बिजनौर। खाद्यान्न की स्टॉक व कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने छापा मारना शुरू कर दिया है। सोमवार को नगीना में एक व्यापारिक प्रतिष्ठान पर छापा मारकर कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
कोरोना के खिलाफ लॉकडाउन में खाद्यान्न की बहुत डिमांड है। खाद्यान्न को व्यापारी उपभोक्ताओं के घर पर भी भिजवा रहे हैं। प्रशासन व व्यापारी नेता व्यापारियों से खाद्यान्न की ओवररेटिंग न करने व उपभोक्ताओं को खाद्यान्न उपलब्ध कराने की अपील कर रहे हैं। खाद्यान्न के स्टॉक व कालाबाजारी की सूचना पर सोमवार को एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़ व डीएसओ मनीष कुमार ने नगीना में एक व्यापारी की दुकान पर छापा मारा। दुकान में रखा स्टॉक चेक किया तो सब कुछ सही मिला। डीएसओ मनीष कुमार ने बताया कि व्यापारी उपभोक्ताओं को महंगे रेट पर सामान न बेचें। जो भी सामान उनके पास है उसे उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर उपलब्ध कराएं। कोई इसका उल्लंघन करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।