फर्जी लोन स्वीकृत कर 20 लाख निकालने का आरोप
बिजनौर। एक किसान के नाम पर फर्जी तरीके से 20 लाख रुपये का लोन स्वीकृत करने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने एसपी से जांच कर कार्रवाई करने की गुहार लगाई।
बिलाई के रहने वाले विरेश कुमार ने एसपी को शिकायती पत्र दिया। जिसमें कहा गया कि जून 2018 में उसके नाम पर फर्जी तरीके से बीस लाख रुपये का लोन यूको बैंक की बिजनौर शाखा से लिया गया। लोन लिए जाने की जानकारी उसे तब हुई जब उसने खतौनी निकलवाई। खतौनी पर बीस लाख रूपये का लोन दर्ज आया। बैंक जाकर लोन की पत्रावली निकलवाई और जानकारी ली। आरोप है कि तत्कालीन बैंक मैनेजर और गारंटर विशद कुमार के साथ मिलकर कूट रचित तरीके से उसके नाम पर लोन लिया गया है। लोन की फाइल पर जो हस्ताक्षर है, वह भी फर्जी तरीके से बनाए गए हैं। नवीन कुमार ने गारंटर के तौर पर हस्ताक्षर किए हैं। कहा गया कि एक्सपर्ट से जांच कराने में भी हस्ताक्षर का मिलान नहीं हो पाया है। शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग उठाई है।