करोड़ों रुपये की ठगी का आरोपी जयपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार
नगीना (बिजनौर)। नगीना व आसपास के हजारों खातेदारों के करोड़ों रुपये की नकदी व जेवरात लेकर विदेश भागने वाले अल फैजान म्यूचुअल बेनिफिट निधि लिमिटेड की नगीना शाखा के मुख्य संचालक को पुलिस ने जयपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस एक आरोपी को पहले जेल भेज चुकी है।
मंगलवार सुबह नगीना थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित शुक्ला व थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मुरारी दोहरे ने बताया कि नगीना के मोहल्ला शाह जहीर निवासी मो. फैजी ने नगर के मोहल्ला लुहारी सराय में अल फैजान म्यूचुअल बेनिफिट निधि लिमिटेड के नाम से एक मुस्लिम फंड की शाखा खोल रखी थी। उन्होंने बताया की शाखा में क्षेत्र व आसपास के हजारों खातेदारों के साथ लेनदेन का कार्य होता था। उन्होंने बताया कि बीते 11 जनवरी की सुबह जब खातेदार मुस्लिम फंड शाखा में पहुंचे तो शाखा पर ताले लटके पड़े थे तथा जानकारी करने पर खातेदारों को संचालक मोहम्मद फैजी के विदेश भाग जाने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि खातेदारों द्वारा लिखवाए गए मुकदमे में मोहम्मद फैजी को मुख्य संचालक बताकर मुख्य आरोपी बनाया गया था। सीओ ने बताया कि मोहम्मद फैजी 9 जनवरी को नगीना छोड़कर दुबई निकल गया था। उन्होंने बताया कि नगीना पुलिस ने देश के सभी एयरपोर्ट पर एलओसी नोटिस करा दिया था, जिसके चलते दुबई से 11 अप्रैल को राजस्थान के जयपुर एयरपोर्ट पर उतरते समय वहां मौजूद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर नगीना पुलिस को सूचना दी। सीओ ने बताया कि सूचना के बाद नगीना पुलिस ने जयपुर एयरपोर्ट पहुंचकर फैजी को अपने कब्जे में लेकर न्यायालय में पेश कर दिया।
वीजा की अवधि समाप्त होने पर पकड़ा गया
खातेदारों के करोड़ों रुपये लेकर विदेश भागने वाला मोहम्मद फैजी तीन माह का वीजा समय समाप्त होने के चलते ही पुलिस की गिरफ्त में आ पाया। नगीना सीओ सुमित शुक्ला ने बताया कि नगीना से भागकर दुबई के शारजाह में जाने वाला फैजी 90 दिन के घूमने वाला वीजा बनवा कर विदेश गया था। उन्होंने बताया कि वीजा समय समाप्त हो गया और वह उसे आगे नहीं बढ़वा पाया। उसे देश लौटना पड़ा। उन्होंने बताया कि 11 अप्रैल की तड़के 4:35 पर फैजी राजस्थान के जयपुर एयरपोर्ट पर उतरा तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया तथा नगीना पुलिस को सूचना दी।
मुस्लिम फंड को पहले ही कर चुके हैं सील
नगीना पुलिस ने बताया कि खातेदारों से करोड़ों रुपये लेकर भागने वाले मुस्लिम फंड संचालक व उसके साथियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आरोपियों में से पुलिस बीते 8 मार्च को नगर के मोहल्ला शाह जहीर निवासी मोहम्मद फैसल को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस मामले में पुलिस ने अदालत से सर्च वारंट लेकर पुलिस मुस्लिम फंड पर सील लगाने का काम भी पहले कर चुकी है। पुलिस का दावा है कि शेष आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कर्ज का बढ़ाता बोझ और खातेदारों के दबाव के कारण जाना पड़ा
पुलिस की मौजूदगी में प्रेसवार्ता में मोहम्मद फैजी ने बताया कि उसकी नीयत मुस्लिम फंड बंद करके भागने की नहीं थी, लेकिन लोगों पर उसका कर्ज बढ़ता रहा और खातेदारों का रुपये निकालने के दबाव ने उसे मुस्लिम फंड बंद कर जाने के लिए मजबूर किया। फैजी ने बताया कि लोगों पर उसका भी करीब 5 करोड़ रुपये बकाया है। उसने पत्रकारों के सामने नगीना के कई नामचीन व बड़े लोगों पर उसका काफी मोटा रुपया होने का दावा भी किया है। उसने बातचीत में कमेटी के कई लोगों के नाम भी उजागर किए। फैजी ने यहां तक कहा कि यदि उसके हालात सुधरे तो वह लोगों का रुपये उतारने की भी कोशिश करेगा।