ूरपुर के फीना में सहकारी समिति पर प्रदर्शन करते खाताधारक।
- फोटो : BIJNOR
नूरपुर/शिवाला कलां। किसान सेवा सहकारी समिति फीना के मिनी बैंक में हुए 1.59 करोड़ के घोटाले का पता लगने पर खाताधारकों को अपना पैसा डूबने की चिंता सता रही है। सोमवार को बड़ी संख्या में खाताधारक समिति पहुंचकर पैसा वापस दिए जाने की मांग को लेकर हंगामा किया। अधिकारियों द्वारा शीघ्र ही पैसा दिलाने का आश्वासन दिए जाने पर खाताधारक शांत हुए।
फीना की किसान सेवा सहकारी समिति के मिनी बैंक में वित्तीय वर्ष 2018-19 में करीब 1.59 करोड़ का घोटाला होने का मामला प्रकाश में आया है। मामले में समिति के तत्कालीन एमडी लक्ष्य कुमार मुख्य आरोपी हैं। उनके विरुद्ध समिति की सभापति की और से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घोटाले का पता लगने पर खाताधारकों के होश उड़े हुए हैं। उन्हें बैंक में जमा अपना पैसा डूबने की चिंता सता रही है। कुछ दिन पूर्व खाताधारकों ने बिजनौर पहुंचकर हंगामा किया था। इस दौरान उन्हें अधिकारियों ने 25 अक्टूबर के बाद पैसे वापस करने का आश्वासन दिया था, लेकिन उन्हें पैसा नही मिला। सोमवार को बड़ी संख्या में खाताधारक किसान सहकारी समिति फीना पहुंचे और धरना प्रदर्शन कर उच्च अधिकारियों की बुलाने की मांग की। सूचना पर अपर जिला सहकारी अधिकारी बिजनौर, अपर जिला सरकारी बैंकिंग अधिकारी बिजनौर, अपर सहकारी अधिकारी चांदपुर वहां पहुंचे और खाताधारकों को उनके पैसों का शीघ्र भुगतान कराने का आश्वासन दिया। बताया कार्य योजना बनाकर भेजी गई है ,अनुमति आने पर सभी उपभोक्ताओं को भुगतान दे दिया जाएगा। धन सिंह, महेंद्र सिंह, गंगाराम, वीरेंद्र सिंह, मंगल सिंह, संतोष देवी, फूलवती, गीता देवी, ज्ञानो देवी आदि खाताधारक मौजूद रहे।