मंडप में आयोजित डांस कंप्टीशन की ेशुरूआत करते अतिथि।
- फोटो : अमर उजाला
धामपुर में रंग ग्रुप की ओर से बुधवार रात ‘द कलाकार’ शीर्षक पर आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में कलाकारों ने नृत्य, गायन और लघु नाटिकाओं की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से जमकर धमाल मचाया। इस दौरान कन्या भ्रूण हत्या पर आधारित ‘मां भी कभी बेटी थी’ के मंचन की प्रस्तुति देख दर्शक भावविभोर हो गए। कार्यक्रम के बाद दर्शकों ने कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिए लोगों को जागरूक करने का संकल्प दिलाया।
नगर के शुभम मंडप में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप जलाकर किया। प्रतियोगिता सीनियर और जूनियर में हुई। सीनियर ग्रुप में गायन में परमीत प्रथम, सोनिका द्वितीय और मयंक तीसरे स्थान पर रहे। नृत्य में पल्लवी, दीपक, गुरविंदर सिंह प्रथम, द्वितीय और तीसरे स्थान पर रहे। जूनियर ग्रुप में गायन में आदित्य, अभिनव और खुशबु, नृत्य में आराध्या, महक टंडन और अनन्या प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय रहे। विक्रम राणा द्वारा कन्या भ्रूण हत्या पर लिखित नाटक ‘मां भी कभी बेटी थी’ का सफल मंचन हुआ। कलाकारों ने एहसास कराया कि यदि बेटियां खत्म होती रहीं तो आगे बेटी, बहू से लेकर परिवार तक ढांचा बिगड़ जाएगा। बेस्ट एक्टिंग का अवार्ड सुभान को दिया गया। निर्णायकों में मुंबई से आए फिल्म निर्माता रिजवान शाह, रोमियो मयूर, दिव्या खान और पुष्पेंद्र कुमार रहे। कार्यक्रम में समाजसेवी बबीता, ब्लाक प्रमुख मालती, पालिकाध्यक्ष महमूद हसन, सोनू माइकल, सतवंत सलूजा, डा. जितेंद्र कौशिक, जावेद रहमान शम्सी, हरपाल सिंह, दिनेश चंद अग्रवाल, नवीन, डा. आयुश, अनिल कश्यप रहे। संचालन शायर इरशाद धामपुरी और सोनू माइकल ने किया।