किरतपुर। पत्नी से लड़कर युवक ससुराल पहुंच गया। वहां युवक का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। युवक के भाई ने उसके ससुर और सालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार की सुबह थाना मंडावर क्षेत्र के गांव औरंगाबाद शकूरपुर उर्फ गीदड़पुरा निवासी नरेंद्र पुत्र पूरन ने किरतपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके बड़े भाई गोपाल की शादी किरतपुर क्षेत्र के मौअज्जमपुर चौकी के गांव रायपुर निवासी युवती के साथ हुई थी। गोपाल के पांच पुत्री और एक पुत्र है। आरोप है कि गोपाल का आए दिन अपनी पत्नी से झगड़ा रहता था। दो दिन पूर्व भी उसकी पत्नी और बच्चों से झगड़ा हुआ था। जिसमें गोपाल के एक हाथ में काफी चोट भी आईं थीं। झगड़े की बात को लेकर वह शुक्रवार को ससुर से बात करने के लिए ससुराल गांव रायपुर गया था।
आरोप लगाया है कि ससुर व उसके तीनों सालों ने मिलकर उसकी हत्या कर घर के पास फंदा लगाकर लटका दिया। नरेंद्र ने गोपाल के ससुर और उसके तीनों सालों पर हत्या का आरोप लगा तहरीर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।