झालू। गांव खारी में दोस्तों ने सात लाख के लेनदेन के विवाद में इस्लामुद्दीन (40) की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को जंगल में चकरोड पर रख दिया। हत्या को आत्महत्या साबित करने के इरादे से शव के पास 12 बोर की देसी बंदूक रख दी। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके अतीक और इसरार उर्फ मोटा को पकड़ लिया है। तीसरा आरोपी मुस्तफा फरार है। हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव खारी निवासी निजामुद्दीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उसका भाई इस्लामुद्दीन वेल्डिंग का काम करता था।
सोमवार की शाम सात बजे गांव का ही मुस्तफा इस्लामुद्दीन को काम कराने के बहाने घर से बुलाकर ले गया। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार वालों ने इस्लामुद्दीन की तलाश शुरू की।
रात में करीब एक बजे इस्लामुद्दीन के दोस्त इकरार ने सूचना दी कि खारी निवासी अतीक ने इस्लामुद्दीन की गोली मारकर हत्या किए जाने के बारे में बताया है। इसके बाद परिवार वाले मौके पर पहुंचे तो गौसपुर गांव के जंगल में रास्ते पर इस्लामुद्दीन का शव पड़ा मिला।
एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह, सीओ सिटी संग्राम सिंह और हल्दौर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल मुआयना करने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुस्तफा, इसरार उर्फ मोटा और अतीक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।