धामपुर। प्रतियोगी परीक्षा देने जा रहे बाइक सवार शिवांकर भारती (24) को शनिवार की सुबह छह बजे किसी वाहन ने टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा हरिद्वार काशीपुर नेशनल हाईवे पर चकसहजानी गांव के पास हुआ।
नगीना की अंबेडकर कॉलोनी नगीना निवासी जयपाल भारती ने बताया कि उनके भतीजे शिवांकर को 9:30 बजे से मुरादाबाद में नाबार्ड की परीक्षा देनी थी। शिवांकर सुबह छह बजे परीक्षा में शामिल होने के लिए घर से बाइक पर सवार होकर निकला। जैसे ही वह धामपुर थाना क्षेत्र में गांव चक सहजानी के निकट पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो तभी किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में शिवांकर की घटना स्थल पर मौत हो गई। शिवांकर दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई 6 वर्ष का है। मृतक शिवांकर की मां शीतल ने बताया कि उनका बेटा बहुत आज्ञाकारी था। पढ़ने में होनहार था। कहा कि यदि वह अपने बेटे को परीक्षा देने के लिए न भेजते तो शायद ऐसा ना होता। उनकी तो दुनिया लुट गई।
जयपाल भारती ने बताया कि शिवांकर के पिता सुरेंद्र भारती नगीना मुख्य डाकघर में पोस्टमैन के पद पर कार्यरत हैं। घटना की सूचना मिलने पर शिवांकर के पिता की हालत खराब हो गई। सीओ अभय कुमार पांडे का कहना है कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।