खौलते कढ़ाव में गिरकर युवक की मौत
किरतपुर। राजस्थान में गुड़ पकाने के प्लांट में काम करने गए कस्बे के एक युवक की खौलते कढ़ाव में गिर जाने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक को एंबुलेंस से यहां लाया जा रहा है।
मोहल्ला आंबेडकर नगर के छोटे सिंह का अविवाहित पुत्र जितेंद्र उर्फ जुडी (22 वर्ष) अपने चार-पांच साथियों के साथ लगभग 15 दिन पूर्व राजस्थान में चीनी को पकाकर गुड़ बनाने वाले एक प्लांट में काम करने गया था। वहां नींद की झोंक में वह भट्टी पर खोलते कढ़ाव में गिर गया। उसके शोर मचाने पर अन्य मजदूर वहां इकट्ठा हो गए। कढ़ाव से बाहर निकालने तक वह बुरी तरह पकती चीनी के शरीर पर चिपक जाने से झुलस चुका था। काफी प्रयास के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। साथियों ने इसकी सूचना जितेंद्र के परिजनों को दी, तो परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्य राजस्थान रवाना हो गए हैं।