बिजनौर के ग्राम खेड़की में मोबाइल के टावर पर चढ़ा युवक। स्रोत वीडियो ग्रैब
बिजनौर। गांव खेड़की में शुक्रवार दोपहर साहिब आलम (19) मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। जिसने प्रेमिका से शादी करने की जिद की और टॉवर से छलांग लगाने की धमकी देने लगा। परिवार वालों ने काफी मिन्नतें की, नहीं माना तो पुलिस को बुलाया गया। करीब तीन घंटे तक समझाने बुझाने के बाद आखिरकार युवक टॉवर से नीचे उतरा।
युवक के पिता ने बताया कि साहिब आलम गांव की ही एक युवती से मोहब्बत करता है। युवती कुछ दिन पहले उनके घर आकर निकाह के लिए जिद कर चुकी है। उस वक्त शादी कराने की बात कहते हुए लड़की के परिजन उसे अपने संग ले गए। बाद में बात की गई तो लड़की के परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हुए। इसी बात से साहिब आलम मानसिक तनाव में चल रहा है। पिता के अनुसार, वह पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका है, लेकिन हर बार समय रहते उसे बचा लिया गया।
शुक्रवार को साहिब टॉवर पर चढ़ गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। शहर कोतवाल अवनीत मान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने टॉवर पर चढ़े युवक से मोबाइल फोन के जरिए बात की। युवक को उसकी मां और पिता का हवाला दिया गया। कोतवाल ने समझाया कि आत्महत्या करना धार्मिक रूप से भी ठीक नहीं है। करीब तीन घंटे बाद युवक टॉवर से नीचे उतरने को राजी हुआ। शहर कोतवाल ने परिवार को युवक की काउंसलिंग कराने और उस पर विशेष निगरानी रखने की सलाह दी। काफी लोग मौके पर मौजूद रहे।
सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि युवक का गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। शादी की जिद को लेकर ही युवक टॉवर पर चढ़ा था, जिसे नीचे उतार लिया गया है।