- इस प्रवेश परीक्षा के लिए 2178 छात्र-छात्राएं होंगे शामिल
- प्रवेश परीक्षा के लिए जनपद में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। विद्या ज्ञान स्कूल में शैक्षिक सत्र 2027-28 में कक्षा छह में प्रवेश के लिए प्रारंभिक लिखित परीक्षा 29 नवंबर को आयोजित की जाएगी। जिले में परीक्षा के लिए कुल 2178 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। इनमें 861 बालक और 1317 बालिकाएं शामिल हैं। परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक डीके सक्सेना ने बताया कि परीक्षा के लिए चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहली पाली में बालिकाओं की परीक्षा सुबह 10.30 से दोपहर 12.30 बजे तक होगी। वहीं दूसरी पाली में बालकों की परीक्षा दोपहर 2.30 से शाम 4.30 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा कराने के लिए पूरी तैयारी की गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कसाना ने बताया कि विद्या ज्ञान आवासीय स्कूल में कक्षा छह में प्रवेश के लिए परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आवेदन किए। बीएसए ने परीक्षा शांतिपूर्वक संबंधित अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय पर परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
-जलीलपुर ब्लॉक से सर्वाधिक छात्रों ने किए आवेदन
जिले में जलीलपुर ब्लॉक क्षेत्र के सर्वाधिक 278 छात्रों ने विद्या ज्ञान आवासीय स्कूल में कक्षा छह में प्रवेश के लिए आवेदन किए। इनमें 117 बालक और 161 बालिकाएं हैं। अफजलगढ़ ब्लॉक से 255 छात्र-छात्राओं, नजीबाबाद से 250 छात्र-छात्राओं और हल्दौर से 234 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किए थे। इसके अलावा ब्लॉक अल्हैपुर (धामपुर) से 230 छात्रों, नहटौर से 192 छात्रों, किरतपुर और मोहपुर देवमल से 174-174 छात्रों, कोतवाली से 167 छात्रों, बुढ़नपुर (स्योहारा) से 134 छात्रों तथा नूरपुर से 90 छात्रों ने आवेदन किए हैं।
- जिले में यह चार बनाए गए परीक्षा केंद्र
डीआइओएस के अनुसार प्रवेश परीक्षा के लिए जिला मुख्यालय पर राजा ज्वाला प्रसाद आर्य इंटर कॉलेज बिजनौर, चांदपुर क्षेत्र के लिए हिंदू इंटर कॉलेज चांदपुर, नगीना क्षेत्र के लिए हिंदू इंटर कॉलेज नगीना, धामपुर क्षेत्र के लिए कन्या इंटर कॉलेज धामपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।