नजीबाबाद/जलालाबाद। निजी अस्पताल में इलाज कराने आए परिवार के साढ़े तीन वर्षीय बच्चे पर ऑक्सीजन का सिलिंडर गिर गया। सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। बच्चे के पिता ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में मोहल्ला पठानपुरा निवासी फैजान ने बताया है कि उनकी पत्नी गुलिस्ता डेढ़ वर्षीय पुत्र अबान का इलाज कराने शनिवार की सुबह करीब 10 बजे कृष्णा नर्सिंग होम गई थी। साथ में साढ़े तीन साल का बेटा अजान भी था। जब वह छोटे बच्चे को डाॅक्टर को दिखा रही थी तो अजान खेलते हुए अस्पताल परिसर में रखे ऑक्सीजन के खाली सिलिंडर के पास चला गया। उस समय अस्पताल के कर्मचारी सिलिंडर उतार रहे थे। अचानक एक सिलिंडर अजान के सिर पर गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। इसके बाद उसे निजी अस्पताल में ले गए। वहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। देहरादून ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
इसके बाद परिजन मो. फैजान, नौशाद आदि कृष्णा नर्सिंग होम पहुंचे और बच्चे की माैत के लिए अस्पताल प्रशासन को जिम्मेदार बताते हुए प्रदर्शन किया। सूचना पाकर सराय चौराहा चौकी प्रभारी सौरभ कुमार, पुष्पेंद्र राठी और कय्यूम अली माैके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ऑक्सीजन के खाली सिलिंडर भरवाने को भेजने के लिए अस्पताल परिसर में रखे थे। बालक खेलते समय सिलिंडर के पास पहुंच गया और हादसा हो गया।
- डॉ. एके गर्ग, कृष्णा नर्सिंग होम