नांगलसोती/नजीबाबाद। गांव रायपुर खास उर्फ कोटसराय के दुकानदार को दो कारतूस के साथ धमकी भरा पत्र मिला। दुकान के बाहर मिले पत्रों में दुकानदार को एक महीने में दुकान बंद करने और गांव छोड़ने की चेतावनी दी गई है। ऐसा नहीं करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
नांगल थाना क्षेत्र के गांव रायपुर खास उर्फ कोटसराय में नसीम अहमद ने परचून की दुकान खोल रखी है। मंगलवार की रात नसीम दुकान बंद करके घर चला गया था। बुधवार की सुबह जब नसीम अपनी दुकान पर पहुंचा तो उसकी दुकान के सामने दो अलग-अलग पर्चे रखे हुए थे, जिसमें दो जिंदा कारतूस रखे थे। पर्चे में दुकानदार को एक माह के भीतर दुकान बंद करने और गांव छोड़ने की धमकी दी गई है। ऐसा नहीं करने पर दुकानदार को जान से मारने की धमकी दी गई है।
दुकानदार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों धमकी भरे पर्चों व दोनों कारतूसों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने गांव में कई लोगों से पूछताछ भी की। सीओ नितेश प्रताप सिंह ने कहा कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जांच के लिए सर्विसलां सहित कई टीमें लगाई गईं हैं।