चांदपुर। गांव चौंधेड़ी में गुलदार हमले से एक माह में चार लोगों को घायल करने व एक महिला की मौत से गांव में दहशत बनी हुई है। गुलदार पकड़ने के लिए अमानगढ़ से टीम बुलाई गई है। वहीं वन विभाग ने नौ पिंजरे और पांच ट्रैप कैमरे लगाए हैं।
गांव चौंधेड़ी में गुलदार के हमले से जहां चार लोग घायल हो चुके हैं। वहीं एक महिला की मौत हो चुकी है। ग्रामीण पशुओं चारा लेने के लिए खेत पर जाने से भी डर रहे हैं। शनिवार की दोपहर गांव चौंधेड़ी निवासी करतार सिंह व उनके पुत्र राहुल कुमार पर गुलदार ने उस समय हमला कर घायल कर दिया था, जब वह खेत में गन्ना छोल रहे थे। पुत्र की हिम्मत ने पिता की जान बचा ली थी। करीब चार दिन पूर्व भी गुलदार ने गांव निवासी रईसुद्दीन व रीनू को भी हमला कर घायल कर दिया था। करीब एक माह पूर्व जंगल में चारा लेने गई महिला सुमन की भी गुलदार के हमले से मौत हो गई थी। करीब एक माह में हुई तीन घटनाओं से गांव में दहशत पसरा हुआ है। वन क्षेत्राधिकारी दुष्यंत सिंह ने बताया कि सोमवार से गांव में कैम्प कार्यालय खोला जाएगा। जिससे गुलदार पर नजर रखी जा सके। शाम के समय पेट्राेलिंग करेंगे। आसपास में आठ-नौ पिंजरे तथा पांच ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं।
- गांव में कैंप कार्यालय खोलेगा वन विभाग
डीएफओ ज्ञान सिंह ने बताया कि अपनी टीम के साथ-साथ डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की टीम भी बुलाई जा रही है। गुलदार को पकड़ने के पूरे प्रयास चल रहे हैं। ग्रामीणों को गुलदार संभावित क्षेत्र और वन विभाग के अभियान से दूर रहने की अपील की गई है।