धामपुर। मोहल्ला नेजे सराय स्थित एक निजी नर्सिंग होम में प्रसव के दो दिन बाद 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला की मौत पर परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
ग्राम अमखेड़ा निवासी आसिफ ने बताया कि बृहस्पतिवार को उन्होंने पत्नी जैनब को प्रसव पीड़ा के चलते एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। शुक्रवार को महिला ने ऑपरेशन से एक नवजात शिशु को जन्म दिया। नवजात शिशु की हालत नाजुक होने पर चिकित्सक ने उसे मशीन में रखवा दिया। शनिवार की दोपहर महिला की अचानक हालत बिगड़ गई। डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया गया कि मुरादाबाद ले जाते हुए रास्ते में उसकी मौत हो गई। अपर पुलिस अधीक्षक धर्म सिंह का कहना है कि परिजनों की ओर से इस संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी। परिजन बगैर किसी कार्रवाई के महिला के शव को अपने साथ गांव ले गए।