स्कूल के बाहर से हटा कूड़े का ढेर
धामपुर। एसडीएम मनोज कुमार सिंह के निरीक्षण के बाद पालिका और शिक्षा विभाग के अधिकारी हरकत में आ गए। एसडीएम के आदेश पर पालिका के अधिकारियों ने स्कूल के बाहर लगे कूड़े के ढेर तत्काल हटा दिए। बीईओ नगेंद्र कुमार ने भी शनिवार को कई स्कूलों का निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि शुक्रवार को जब एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने पालिका की टीम के साथ नगर में चल रही सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया था, तब उस दौरान बालक पूर्व माध्यमिक विद्यालय में ताला लटका हुआ पाया था। स्कूल में ताला लटका देख एसडीएम ने बीईओ को फोन पर वार्ता के दौरान असंतोष जताया था। स्कूलों का निर्धारित समय से संचालन कराने और लापरवाही शिक्षकों पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एसडीएम की सख्ती से बीईओ ने कई स्कूलों का निरीक्षण किया और एसडीएम को रिपोर्ट पेेश की। उधर, संबंधित स्कूल के बाहर लगे गंदगी के ढेेरों को पालिका के अधिकारियों ने साफ करा दिया। एसडीएम ने कहा कि स्कूल के आसपास अब गंदगी के ढेर नहीं दिखाई देने चाहिए।