बिजनौर में डीएम ने गन्ना मूल्य भुगतान में ढील बरतने पर बिलाई शुगर यूनिट को नोटिस जारी किया है। संचालकों को चार दिन में अपडेट पेमेंट नहीं करने पर पुलिस कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। आठ चीनी मिलों ने बुधवार को करीब 90 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान कर दिया।
डीसीओ ओपी सिंह के अनुसार जिले की बिलाई शुगर यूनिट गन्ना मूल्य पेमेंट में पिछड़ी है। मिल ने अभी तक डाले गए गन्ने का मात्र 44 प्रतिशत पेमेंट ही किया है। किसान शिकायत लेकर रोजाना डीसीओ कार्यालय आ रहे हैं। डीएम ने इस पर कड़ा रुख अपनाते मिल को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे। नजीबाबाद, धामपुर, स्योहारा शुगर मिल भुगतान में आगे हैं।
डीसीओ के अनुसार यदि बिलाई शुगर मिल चार दिन में अपडेट भुगतान नहीं करती है तो संचालकों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर की जाएगी।
बुधवार को धामपुर शुगर मिलने 18 करोड़ 20 लाख, स्योहारा ने 16 करोड़ 42 लाख, बहादरपुर ने 10 करोड़ 94 लाख, बूंदकी ने 11 करोड़ 84 लाख, चांदपुर ने 14 करोड़ 30 लाख बरकातपुर ने 11 करोड़, बिजनौर ने सात करोड़ 84 लाख तथा बिलाई शुगर मिल ने मात्र तीन करोड़ 50 लाख रुपये का भुगतान किया है।