बिजनौर। चोरी का सोना-चांदी खरीदने के आरोप में जेल में बंद मेरठ के सराफ अरुण वर्मा की मौत हो गई। हार्ट अटैक से मौत होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की वजह साफ हो सकेगी।
शनिवार की सुबह 9:45 बजे बिजनौर जेल में बंद अभियुक्त अरुण वर्मा (47) निवासी शास्त्रीनगर आई ब्लाक मेरठ की तबियत बिगड़ी। सीने में जलन और दर्द की शिकायत होने पर अरुण वर्मा को बैरक नंबर दो से निकालकर जेल के अस्पताल में भर्ती कराया गया, मगर हालत में सुधार नहीं हुआ। हालत बिगड़ती देख मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बंदी की मौत की खबर मिलते ही शहर कोतवाल रामप्रताप और जेल अधिकारी मौके पर पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। साथ ही मृतक के परिवार वालों को भी सूचना दी गई। बता दें कि सात दिन में जेल में मौत का यह दूसरा मामला सामने आया है। रविवार को हिस्ट्रीशीटर कैदी का फंदे पर लटका हुआ शव मिला था।
13 अप्रैल से बिजनौर जेल में बंद था : बिजनौर की यशोदा कुंज कॉलोनी में अमित अग्रवाल के घर 13 मार्च को चोरी हुई थी। इस चोरी का खुलासा करते हुए बिजनौर पुलिस ने मेरठ के वसीम उर्फ चपटा, विनय उर्फ रिंकू निवासी विजौली और अरुण वर्मा को गिरफ्तार किया था। इनके पास से आठ लाख का सोना-चांदी भी बरामद हुआ। जांच में सामने आया था अरुण वर्मा चोरों से सोना चांदी खरीदकर गला देता था। अरुण वर्मा मेरठ में सराफ का काम भी करता था जो कि 13 अप्रैल से बिजनौर जेल में बंद था।
जेलर रविंद्रनाथ ने बताया कि बंदी ने सीने में जलन और दर्द की शिकायत की, जिस पर तत्काल जेल के अस्पताल वार्ड में भर्ती कराया गया, सुधार नहीं होने पर मेडिकल अस्पताल रेफर किया। एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।