नजीबाबाद में युवती की गर्दन पर चाकू रखने वाला पकड़ा गया युवक स्रोत वीडियो ग्रेव
नजीबाबाद । रेलवे स्टेशन मार्ग पर देर शाम एक युवक ने गर्म कपड़ों की सेल पर खरीदारी के लिए आई युवती की गर्दन पर चाकू रख दिया। युवक ने सेल संचालक से एक लाख रुपये और बाइक की मांग की। पुलिस ने मौके पर युवक को पकड़ लिया।
रेलवे स्टेशन मार्ग पर स्टेट बैंक की शाखा के सामने गर्म कपड़ों की सेल लगी है। दिल्ली धमाका वूलेन सेल पर एक युवती शाम करीब सात बजे दो किशोरियों के साथ खरीदारी कर रही थी। तभी शॉल ओढ़े एक युवक सेल पर पहुंचा।
उसने युवती को पीछे से पकड़कर गले पर चाकू रख दिया और सेल संचालक चित्तौड़ा जानसठ निवासी इजहार से एक लाख रुपये और एक बाइक का बंदोबस्त तुरंत करने को कहा। युवती की चीख सुनकर सड़क पर भीड़ जमा हो गई। युवक ने युवती को छुड़ाने का प्रयास करने पर गर्दन काटने की धमकी दी।
सूचना मिलने पहले दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पास ही गश्त पर निकले सीओ नितेश प्रताप सिंह, थाना प्रभारी राहुल सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंच गए। पुलिस ने युवक को कब्जे में लेकर युवती को सकुशल छुड़ा लिया। हाथापाई में युवती के चाकू की मामूली खरोंच आई। नशे में धुत युवक जोर-जोर से चिल्लाकर कह रहा था उसे जेल जाना है।
सीओ नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी अजीत बाराबंकी के तहसील मोहम्मदपुर खाला के गांव सूरजपुर निवासी है। वह नोएडा में बेकरी में काम करता है और अपने चाचा की माैत के बाद बारांबकी जा रहा था। शाम को ही ट्रेन से नजीबाबाद उतरा था।