जजी खुलते ही लगी वादकारियों की लंबी लाइन
बिजनौर। हाईकोर्ट के निर्देश पर सोमवार को सभी अदालतें पूरी तरह खुल गईं। जजी प्रवेश द्वार पर वादकारियों की लंबी लाइन लग गई। सोशल डिस्टेंसिंग की अनदेखी हुई। चेंबर क्षेत्र में सैनिटाइजेशन नहीं होने पर वकीलों ने चिंता जताई है।
सोमवार से सभी अदालतें खोली गईं। उनमें काम भी हुआ। वादकारियों को जजी में प्रवेश भी दिया गया। जजी गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग की एक ही मशीन होने के कारण अधिवक्ताओं व वादकारियों की लंबी लाइन लगी रही। लंबी लाइन में अनेक वादकारी एक दूसरे से सटे खड़े थे। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न हीं हो रहा था। जजी परिसर में भी अनेक वादकारी बिना मास्क के घूमते दिखाई दिए। जिला बार अध्यक्ष एसके बबली व महासचिव नवदीप सिंह ने जजी में प्रत्येक कार्य दिवस में जजी खुलने से पहले पूरी तरह सैनिटाइजेशन कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जजी में हजारों लोग प्रतिदिन आते हैं। कम से कम तीन थर्मल स्क्रीनिंग मशीनों की व्यवस्था होनी चाहिए। वकीलों के लिए थर्मल स्क्रीनिंग कराने हेतु अलग काउंटर होना चाहिए। जिला बार अध्यक्ष ने जजी में सैनिटाइजेशन का कार्य संतोषजनक न होने पर जिला जज को भी इस बारे में अवगत कराया है।