बिजनौर। निर्वाचन विभाग की ओर से जिले में 9.4 लाख मतदाताओं की सूची भेजी है। इन्हें डुप्लीकेट मतदाता माना गया है। इसका सत्यापन अब बीएलओ के माध्यम से कराया जाएगा। इससे पहले निर्वाचन विभाग दो सूची जारी कर चुका है, जिनका सत्यापन हो चुका है। अब अगस्त माह तक इस सूची के सत्यापन का समय दिया गया है। इससे यह भी साफ हो गया है कि इस सूची के सत्यापन तक पंचायत चुनाव होने के आसार नहीं है।
जिले में 1123 ग्राम पंचायतें हैं। करीब छह माह से सभी पंचायतों में डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन चल रहा है। दो बार निर्वाचन विभाग को ऐसी सूची मिल चुकी है, जिनका कुछ समय पहले ही सत्यापन का काम पूरा हुआ था। इसमें जनवरी से मार्च तक 9,28,181 कुल मतदाताओं का परीक्षण किया गया था। सत्यापन के बाद 8,89,606 मतदाताओं को वैध घोषित किया गया। कुल मतदाताओं में से लगभग 4.15 फीसदी नाम डुप्लीकेट या त्रुटिपूर्ण पाए गए। इससे पहले जिले की पांचों तहसीलों में कुल 3,65,911 मतदाताओं की जांच की गई, जिनमें से 23,697 मतदाता डुप्लीकेट पाए जाने पर सूची से हटा दिए गए थे।
अगस्त तक चलेगा सत्यापन, चुनाव भी टलेंगे
निर्वाचन विभाग को इस बार फिर से करीब नौ लाख मतदाताओं की सूची मिली है, जिनका सत्यापन करना है। यह काम अगस्त माह तक पूरा करना है। ऐसे में मई में ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल भी पूरा हो रहा है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कार्यकाल पूरा होने के बाद भी सत्यापन चलता रहेगा।
-
सभी संबंधित बीएलओ को सौंपी जा रही सूची
एडीएम प्रशासन अंशिका दीक्षित ने बताया कि जो सूची आई है, वह संबंधित बीएलओ को भेजी जा रही है। उसका सत्यापन किया जाएगा। हाल ही में यह करीब नौ लाख डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची आई है।