बिजनौर में नगीना एसडीएम पर उनके आशुलिपिक किशन चंद ने भ्रष्टाचार में लिप्त होने और घरेलू सामान मंगवाने, सामान नहीं लाने पर अपमानित करने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि इसकी शिकायत करने पर एसडीएम ने उन्हें जेल भिजवाने की धमकी दी। जिसके बाद उन्होंने अपना त्यागपत्र जिलाधिकारी को भेज दिया है। आशुलिपिक किशनचंद पहले भी एक आईएएस पर जाति सूचक शब्दों से अपमानित करने का आरोप लगा चुके हैं।
किशन चंद ने जिलाधिकारी को भेजी शिकायत में आरोप लगाया है कि एसडीएम नगीना अशोक कुमार मौर्य भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। वे स्टाफ से प्रतिदिन केले, सेब, मिठाई व घर का अन्य सामान चादर, हैंगर मंगवा रहे हैं। किशन चंद का कहना है कि अगर अधिकारी कर्मचारियों से ऐसे सामान मंगवाएंगे तो वे अपने वेतन से नहीं बल्कि पब्लिक के सही कार्यों में अड़ंगा लगाकर अवैध धनराशि की मांग कर उसी पैसे से सामान लाएंगे। ऐसे में कर्मचारियों की वीडियो भी वायरल होगी। एसडीएम अशोक कुमार मौर्य जैसे अधिकारियों के लिए कर्मचारी सस्पेंड और बर्खास्त होंगे।