स्योहारा। मोहल्ला शेखान में शनिवार शाम बंदरों के झुंड ने छत पर खेल रहे एक मासूम पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
शनिवार शाम करीब चार बजे मोहल्ला शेखान निवासी अहद (6) पुत्र इशरत अपने घर की छत पर खेल रहा था। तभी अचानक बंदरों का एक झुंड वहां पहुंच गया और बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और डंडों की मदद से बंदरों को वहां से भगाया। इस दौरान बच्चे को चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया। परिजन घायल अहद को सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन वह काफी सहमा हुआ है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों और आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। लोग अब अपने घरों की छतों और गलियों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। मोहल्लेवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बंदरों को पकड़वाने और इस समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।