बिजनौर। मंडावर रोड थ्री व्हीलर के नीचे दबने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई और दूसरा युवक गंभीर घायल हो गया। मृतक पुलिस लाइन में तैनात सिपाही का इकलौता पुत्र था। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मचा है। एसपी अौर एसपी देहात ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। यदि युवक हेलमेट पहने होता, तो जान बच सकती थी।
पुलिस लाइन में तैनात सिपाही मान सिंह का 18 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार अपने साथी आदित्य वर्मा 17 वर्ष निवासी माधवपुरम के साथ बाइक द्वारा मंडावर की ओर से शहर की तरफ आ रहे थे। एआरटीओ आफिस के पास एक कार से बचने के प्रयास में उनकी बाइक फिसल गई। पीछे से आ रहे थ्री व्हीलर चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। ब्रेक लगने पर थ्री व्हीलर दोनों युवकों के ऊपर पलट गया। आसपास के लोगों ने दोनों युवकों को थ्री व्हीलर के नीचे से निकाला और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया और आदित्य को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
एसपी व एसपी देहात पहुंचे अस्पताल :
मृतक के पिता मान सिंह पुलिस लाइन में सिपाही के पद तैनात है और एसपी देहात राधेश्याम की गाड़ी चलाते हैं। सिपाही के पुत्र की मौत की सूचना पर एसपी सुनील सक्सेना, एसपी देहात राधेश्याम व अन्य पुलिस अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को सांत्वना दी।
मां व बहने हो गई बेहोश :
आशीष की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां व बहने रोते-रोते बेहोश हो गई। परिजनों ने उन्हें बामुश्किल संभाला। इसके बाद परिजन उन्हें गाड़ी से घर ले गए। मृतक आशीष माडर्न एरा पब्लिक स्कूल में 12वीं का छात्र था।मृतक आशीष के दो छोटी बहने हैं। दो बहनों का वह इकलौता भाई था।