नजीबाबाद। नगर के वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। दो माह में रंगदारी का दूसरा पत्र मिलने के बाद चिकित्सक ने तहरीर दी। इस पत्र के मिलने के बाद चिकित्सक का परिवार परेशान हो गया । पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
नगर के वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. वीके चावला को 4 जून 2014 को एक करोड़ रुपये की रंगदारी देने का पत्र मिला। अज्ञात नाम और पते से मिले पत्र में 35 लाख रुपये रंगदारी की प्रथम किश्त अदा नहीं करने पर चिकित्सक को परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई है। पुलिस ने चिकित्सक की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार नेत्र चिकित्सक को अप्रैल के अंतिम सप्ताह में भी रंगदारी से संबंधित पत्र मिला था। उस समय चिकित्सक ने किसी शरारती तत्व की हरकत मानते हुए पुलिस को सूचना नहीं दी थी। वरिष्ठ चिकित्सक की पत्नी सरकारी चिकित्सक हैं। दो बार रंगदारी मांगने का पत्र के बाद चिकित्सक दंपति परेशान हो गई है। दूसरी तरफ थाना प्रभारी आरपी यादव ने बताया शहर के नेत्रचिकित्सक को लिखा रंगदारी का पत्र किसी शरारती तत्व की करतूत लगता है । मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।