बिजनौर। मोहल्ला काजीपाड़ा में मंगलवार की रात रालोद प्रत्याशी जयाप्रदा के काफिले पर कुछ लोगाें ने पथराव कर दिया। जिसमें एक गाड़ी का शीशा टूट गया और जया का निजी सुरक्षाकर्मी घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। शहर कोतवाली में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मंगलवार की करीब 12:30 बजे रालोद प्रत्याशी जयाप्रदा काफिले के साथ बिजनौर के मोहल्ला काजीपाड़ा मुसलिम फंड के निकट अपने परिचित के यहां गई थीं। वहां से लौटते समय कुछ लोगों ने काफिले पर हमला बोल दिया। पथराव में जयाप्रदा के पीछे चल रही जायलो कार का शीशा टूट गया। कार में सवार निजी सुरक्षाकर्मी हीमपुर थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी त्रिलोक सिंह घायल हो गया। सूचना पर सीओ राजेश कुमार व शहर कोतवाल राकेश पालीवाल मौके पर पहुंचे। उधर, घटना की सूचना पर बड़ी तादाद में रालोद, कांग्रेस व महानदल के कार्यकर्ता इकट्ठा हो गए। स्वार रामपुर निवासी मुस्तफा की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जयाप्रदा केभाई राजा के मुताबिक हमलावरों ने जया की जान लेने के इरादे से हमला बोला था। राजा ने हमले केपीछे विरोधी दलों की साजिश बताया है। शहर कोतवाल राकेश पालीवाल का कहना है कि हमलावरों की तलाश की जा रही है।
जयाप्रदा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
बिजनौर। मंगलवार को शाम पांच बजे बिजनौर लोकसभा के लिए चुनाव प्रचार खत्म हो गया था। इसके बाद भी मोहल्ला काजीपाड़ा में मुजीब अहमद के मकान पर बीस-पच्चीस समर्थकों के साथ रालोद प्रत्याशी जयाप्रदा बिना अनुमति के गोपनीय सभा कर रहीं थीं। प्रशासन ने इसे आचार संहिता व धारा 144 का उल्लंघन माना है। पुलिस ने मौके पर जाकर बैठक की अनुमति के कागज मांगे तो वे नहीं दिखाए गए। शहर कोतवाली में तैनात दरोगा संजय सिंह की ओर से जयाप्रदा के खिलाफ आचार संहिता और धारा 144 के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है।
जया पर हमले की निंदा, अतिरिक्त सुरक्षा मांगी
बिजनौर। कांग्रेस के एमएलसी नसीब पठान ने कहा कि जयाप्रदा ने बार-बार राज्य सरकार से अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराने का आग्रह किया था। लेकिन आग्रह को नजर अंदाज किया गया। सुरक्षा में चूक के कारण ही उन पर पथराव हुआ। बैठक में वक्ताओं ने चुनाव आयोग से जयाप्रदा को अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। बैठक में रालोद जिलाध्यक्ष ब्रजवीर सिंह, यादराम चंदेल, मुनिदेव शर्मा, मनोज भारद्वाज, सुखवीर सिंह पूर्व विधायक, विनोद तोमर, विक्रम एडवोकेट, आचार्य नरेंद्र सिंह, ब्रह्मपाल सिंह, अचल महर्षि, ज्ञानेंद्र चिकारा, ब्रजलीज शास्त्री, हुमायूं बेग, सौरभ सिंघल, इरफान बेग, ओम सिंह आदि मौजूद रहे।