मंडावर। चेकिंग के दौरान कार को रुकने का इशारा करने पर चालक कार छोड़ पुलिस पर फायरिंग करता हुआ फरार हो गया। कार से पुलिस को हरियाणा मार्का तीन पेटी शराब बरामद हुई है। आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शुक्रवार की सुबह चंदक चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ गश्त पर थे। उन्हें सूचना मिली कि गांव पदमपुर की ओर से कार में शराब लाई जा रही है। पुलिस ने गांव के पास ही सामने से आ रही कार को रुकने का इशारा किया। आरोपी चालक ने कार की स्पीड धीमी कर पुलिस पर तमंचे पर से फायर झोंक दिया और कार लेकर फरार हो गया। गश्ती पुलिस द्वारा पीछा करने पर आरोपी जंगल में कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कांबिंग भी की, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगा। पुलिस कार को थाने ले आई है। चौकी इंचार्ज जगपाल सिंह गिरि ने पुलिस पर फायरिंग करने व अवैध शराब के आरोप में कार चालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकरण कर लिया है। उधर थानाध्यक्ष अमरनाथ वर्मा ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।