राजा का ताजपुर। बुढ़नपुर ब्लाक की ग्राम पंचायत कमाला में ग्रामीणों की शिकायत पर विकास कार्यों की जांच के लिए पहुंचे जांच अधिकारी को हंगामे के कारण बिना जांच किए ही वापस लौटना पड़ा।
ग्रामीण नेपाल सिंह, मुकेश कुमार, प्रेमसिंह, आशा, पवन, ओमकार सिंह, रानी, रामवती, ओमवीर सिंह, नौबहार सिंह आदि ने डीएम को शपथपत्र देकर प्रधान जावेंद्र सिंह पर विकास कार्योें में धांधली किए जाने का आरोप लगाया था। डीएम के निर्देश पर श्रम निरीक्षक सुरेश सिंह एवं अवर अभियंता मदनपाल सिंह ने गांव पहुंचकर खुली बैठक में ग्रामीणों की शिकायत सुनी। इस दौरान कुछ लोगों ने ग्राम प्रधान पर गांव में कोई विकास कार्य नहीं कराए जाने, मरेगा मजदूरों के जॉब कार्ड अपने पास रखे जाने आदि कई आरोप लगाए। वहां मौजूद कुछ लोगों ने प्रधान पर लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा होते देखकर जांच अधिकारी बिना जांच किए ही वापस लौट गए। बाद में उन्होंने इसी ग्राम पंचायत के मझरा पितुपुरा में पहुंचकर जांच पूरी की। जांच में ग्रामीणों की अधिकतर शिकायतें गलत पाई गईं। उधर, शिकायतकर्ता जांच से असंतुष्ट दिखाई दिए। प्रधान ने आरोपों को गलत बताया है।
युवक ने आत्महत्या की
नहटौर। गांव तकीपुरा निवासी एक व्यक्ति पिछले कई दिनों परेशान था। पिछली रात उसने कमरे में जाकर पंखे की कुंदे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता चलने पर परिजनों के होश उड़ गए। मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गई हैं।