नजीबाबाद। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत मृदा स्वास्थ्य एवं जैविक कृषि प्रशिक्षण में किसानों को मिट्टी व खाद से संबंधित उपयोगी जानकारियां दी गईं।
ड्वाकरा हाल में आयोजित शिविर में उपसंभागीय कृषि प्रसार अधिकारी मूला सिंह चौहान, एसएमएस मुनेश्वर त्यागी एवं प्राविधिक सहायक विक्रम सिंह ने किसानों को आवश्यक टिप्स दिए। शिविर में नजीबाबाद व किरतपुर ब्लाक के किसानों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। कृषि प्रसार अधिकारी ने बताया कि बुआई से पूर्व किसान खेत की मिट्टी की जांच अवश्य करवा लें। खेतों में रासायनिक खाद के प्रयोग से बचते हुए सिर्फ जैविक खाद का ही प्रयोग करें। रासायनिक खाद के प्रयोग से जमीन खराब हो सकती है। साथ ही फसल की गुणवत्ता भी अच्छी नहीं होती। रासायनिक खाद के प्रयोग से जमीन का दोहन हुआ है और फसल की गुणवत्ता के साथ उत्पादन भी कम हुआ है। बताया कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव में केंचुओं के संरक्षण के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने जीरो टिलेज मशीन से बुआई के बारे में विस्तार से समझाया।
शिविर में खेत का चुनाव, मशीन की सफाई व तैयारी, उर्वरक व बीज का भरान, समय पर बुआई, सिंचाई में पानी की बचत व खरपतवारों के कम प्रयोग के संबंध में विस्तार से समझाया गया। नरपाल सिंह, राजीव कुमार, नरेश सिंह, जगदीश कुमार, कुलदीप कुमार, धूम सिंह, हुकुम सिंह, संदीप कुमार आदि बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान उपस्थित थे।